फिरोजपुर27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पाकिस्तान बॉर्डर से सटे फिरोजपुर की शान हुसैनीवाला शहीदी स्मारक, जहां हजारों लोग नतमस्तक होते हैं।
- हुसैनीवाला बॉर्डर पर स्थित हैं शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और राजमाता विद्यावती की समाधि, हजारों लोग नवाते हैं शीश
- शहीदी स्मारक पर लाइड एंड साउंड शो, वाटर लेजर, फेसिलिटेशन सेंटर, टूरिस्टों के लिए कमरे बनेंगे
- फिरोजपुर शहरी विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने बताया-शहीदों की जीवनगाथा पर रोज 1 घंटा होगा लेजर लाइट एंड साउंड शो
पाकिस्तान की सीमा से सटे फिरोजपुर में स्थित हुसैनीवाला शहीदी स्मारक को पर्यटन हब बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। यहां लाइड एंड साउंड शो, वाटर लेजर, फेसिलिटेशन सेंटर, टूरिस्टों के लिए कमरे आदि के लिए साढ़े 6 करोड़ रुपए के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। जानकारी मिली है कि गुड़गांव की कंपनी ट्राईकलर इंडिया स्कॉस्पियल प्राइवेट लिमिटेड अगले हफ्ते से इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर देगी।
दरअसल, फिरोजपुर के हुसैनीवाला में शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और राजमाता विद्यावती की समाधि हैं। इन पर हजारों की तादाद में लोग नतमस्तक होने के लिए आते हैं। लोगों की भावनाओं और सुविधा का ध्यान में रखते हुए सरकार ने शहीदी स्मारक को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
इस बारे में फिरोजपुर शहरी हलके के विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने बताया कि यहां लेजर लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्था की जाएगी। जिसके तहत हमारे शहीदों की जीवनगाथा के बारे में यहां रोजाना एक घंटे का शो चलेगा। लोग लेजर लाइड एंड साउंड शो के जरिए रोमांचक तरीके से यह सारी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा एक वाटर लेजर भी चलेगी, जिसके तहत पानी के ऊपर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बारे में अलग-अलग प्रकार की चित्रकारी उकेरी जाएगी।
इसी तरह यहां पर एक फेसिलिटेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां लोगों को स्मारक के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी। लोगों के आवास का प्रबंध करने के लिए यहां पर कमरे भी बनाए जाएंगे और पूरे इलाके का सौंदर्यीकरण कर कायाकल्प किया जाएगा। फिरोजपुर के लिए यह प्रोजेक्ट मील का पत्थर साबित होगा। इससे जिले को एक पर्यटन स्थल के तौर पर मानचित्र पर उभरने में मदद मिलेगी। बॉर्डर और शहीदी स्मारक पर आने वाले लोगों को इस प्रोजेक्ट के कंप्लीट होने के बाद एक अलग अनुभव का अहसास होगा।
उन्होंने कहा कि फिरोजपुर जिले को एक पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने के लिए कई प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं, जिन पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रोजेक्ट्स के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में पंजाब सरकार की तरफ से इस इलाके को आगे लाने के लिए लगातार कई प्रोजेक्ट अलॉट किए जा रहे हैं।
हुसैनीवाला बॉर्डर और शहीदी स्मारक पर तो सरकार का खास ध्यान है। इसे विकसित करने के लिए साढ़े 6 करोड़ का टेंडर जारी हो चुका है। इस प्रोजेक्ट पर गुड़गांव की कंपनी अगले सप्ताह ही काम शुरूकर देगी। साथ ही मुख्यमंत्री की तरफ से दो करोड़ रुपए की ग्रांट भी ज्यों की त्यों पड़ी हुई है। उसे अलग से खर्च किया जाएगा।
0